हल्द्वानी। एच-3 एन-2 वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में दो सैंपल में इस वायरस के मिलने की पुष्टि हुई है। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि जितने सैंपल की जांच हुई है, उसकी तुलना में संख्या काफी कम है।
मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब को विकसित किया गया। प्रदेश में सबसे पहले कोविड संक्रमण की जांच की सुविधा भी यहां शुरू हुई थी। बाद में जांच का दायरा बढ़ाया गया और मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू समेत अन्य इंफ्लुएंजा की जांच की सुविधा शुरू की गई। अगस्त-2021 से लैब में करीब 1700 से अधिक सैंपल की जांच हुई है। इसमें कुछ एच1 एन1 के साथ ही एच3 एन2 के इंफ्लुएंजा वायरस की पुष्टि हुई है। बीती सात मार्च को एच3 एन2 वायरस के दो मरीजों की पुष्टि हुई है। पिछले साल कोई मामला सामने नहीं आया था। मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायॉलाजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश ने एच3 एन2 की पुष्टि की है।