भवाली (नैनीताल)। बृहस्पतिवार देर रात गोली लगने से घायल एक व्यक्ति कोतवाली जा पहुंचा। नशे में होने के कारण वह गोली लगने के कारणों की जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से मामले में अभी तक किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार की देर रात चंदन लोधियाल नशे की हालत में कोतवाली पहुंचा। उसके बांये हाथ में गोली लगी थी और गहरा घाव था। घाव गहरा होने के कारण पुलिस कर्मी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉ. दिनेश चंदोला ने प्राथमिक इलाज कर उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। कोतवाल संजय गर्ब्याल ने बताया कि नशे में होने के कारण पीड़ित घटना के बाबत कोई जानकारी नहीं दे सका। उन्होंने बताया कि घायल की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।