उच्चशिक्षा निदेशालय ने 400 गेस्ट फैकल्टी को 15 जुलाई से प्रदेश के महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के रिक्त स्थानों पर तैनाती देने का आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य में जनवरी 2014 तक उच्चशिक्षा विभाग द्वारा संचालित 70 राजकीय डिग्री कॉलेज थे।
डेढ़ वर्ष में राजकीय महाविद्यालयों की संख्या 70 से 94 हो गई है। शासन ने नए महाविद्यालय तो खोल दिए लेकिन विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए प्राध्यापकों की नियुक्ति नहीं की। अब नए शिक्षा सत्र में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए उच्चशिक्षा निदेशालय ने 15 जुलाई से 400 गेस्ट फैकल्टी को तैनात करने की हरी झंडी डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों को दे दी है। बता दें कि पिछले वर्ष उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश के आदेश पर प्राध्यापकों के रिक्त पदों पर गेस्ट फैकल्टी रखे गए थे। दो माह चली गेस्ट फैकल्टी के चयन में करीब 460 अभ्यर्थियों का सेलेक्शन किया गया था।
उसमें से ज्वाइन 400 अभ्यर्थियों ने ही किया था। शिक्षा सत्र समाप्त होने के साथ ही इन गेस्ट फैकल्टी की सेवाएं समाप्त हो गई थीं। नए सत्र में इन्हें तैनाती मिलेगी या नहीं इसेे लेकर असमंजस बना हुआ था। उन्होंने अपनी दोबारा तैनाती के लिए उच्चशिक्षा मंत्री को ज्ञापन दिया था। उच्चशिक्षा मंत्री के आदेश पर ही शासन इतनी जल्दी हरकत में आया और गेस्ट फैकल्टी को तैनात करने का निर्णय हो सका।
इन महाविद्यालयों में होगी तैनाती
बेतालघाट, दुग नाकुरी, तल्ला सल्ट, भतराैंजखान, मांसी, लमगड़ा, शीतलाखेत, गणाईगंगोली, मुआनी, बनबसा, सितारगंज, कोटद्वार भांवर, पोखरा, घाट चमोली, नंदासैंण, ब्रहमखाल, पोखरी पट्टी क्यूली, पावकी देवी, मंगलौर, मरगूबपुर, महिला कॉलेज खानपुर, रायपुर, एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी, राजकीय महिला कालेज हल्द्वानी, रामनगर, कोटाबाग समेत 55 महाविद्यालयों में गेस्ट फैकल्टी की तैनाती होगी।
कोट
गेस्ट फैकल्टी के बारे में शासन से स्वीकृति मिलने पर डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों को तैनाती करने के आदेश दे दिए गए हैं। उन्हें 15 जुलाई से ज्वाइनिंग दी जाएगी। गेस्ट फैकल्टी को प्रतिमाह 25 हजार रुपये फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा।
- डा. बीसी मेलकानी, प्रभारी निदेशक उच्चशिक्षा, उत्तराखंड।