नैनीताल। चेत राम साह ठुलघरिया (सीआरएसटी) इंटर कॉलेज ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की है। इस नवाचार के तहत छात्र खाली समय में मशरूम उगाना सीख रहे हैं।
विद्यालय के प्रबंधक पद्मश्री अनूप साह के प्रयासों से यह मुहिम शुरू हुई है। नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को मशरूम की खेती की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। प्रधानाचार्य मनोज पांडे ने बताया कि यहां प्लूरोटस ब्रीड की फ्लोरीडा, सजारेकाजू और जामोरा मशरूम तैयार की जा रही हैं। एक माह में मशरूम की पौध तैयार हो जाती है। विद्यालय में उगाई गई मशरूम का उपयोग मध्याह्न भोजन में किया जा रहा है। कई विद्यार्थी निजी स्तर पर अपने घरों में भी मशरूम उत्पादन शुरू कर चुके हैं। भविष्य में इसका विस्तार कर उत्पादन बढ़ाने की योजना है। संवाद
.....