हल्द्वानी। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद, देहरादून की ओर से रविवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सिविल न्यायालय में समूह ‘घ’ के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई है। शहर में 22 सेंटर बनाए गए हैं जहां 9800 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह नौ बजे से दिया जाएगा।
दस बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिल पाएगा। वहीं, जिला प्रशासन ने तहसीलदार समेत जनपद स्तरीय 30 अधिकारियों की मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी लगाई है। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर पुलिस फोर्स तैनात करने के भी निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा के लिए शहर को तीन जोन में बांटा है, तीनों में एक-एक जोनल अधिकारी की तैनाती की गई हैं। जोनल अधिकारी भाष्कर भट्ट, नवनीत मिश्र, सुमित कुमार सिंह को बनाया गया है। एमबीपीजी कॉलेज में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके केंद्र अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एमबी कॉलेज में 1400 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने एमबी कालेज के परीक्षा प्रभारी डा. नवीन भगत के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारी की। इसके अलावा इस परीक्षा के लिए राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, केवीएम स्कूल, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, डीएवी, यूनिवर्सल, हरगोविंद सुयाल इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज मुखानी, खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज, श्रीगुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीवैली, सेंटपॉल और निर्मला कान्वेंट स्कूल को भी केंद्र बनाया गया है।