नैनीताल। विद्युत उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच (सीजीआरएफ) की ओर से बृहस्पतिवार को विशेष शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। उप संस्थान, सूखाताल नैनीताल में सुबह 11 बजे से शिविर शुरू होगा।
एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि शिविर में खराब मीटर का प्रतिस्थापन न होना, नए कनेक्शन में देरी, गलत बिजली बिल, भुगतान के बाद भी बकाया बिल दिखना, खराब ट्रांसफार्मर की समस्या और बिल प्राप्त न होने जैसी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। मंच की ओर से उपभोक्ताओं से शिकायतें लिखित रूप में स्पष्ट अक्षरों में लाने का आग्रह किया गया है। शिकायत से संबंधित सभी दस्तावेजों की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन में पूरा पता, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी भी अंकित करनी होगी। शिविर के संबंध में अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता 05946-266223 और 9639139090 पर संपर्क कर सकते हैं।