कुमाऊं विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों (अल्मोड़ा और नैनीताल) एवं विवि से संबद्ध सभी डिग्री कॉलेजों में नए शिक्षा सत्र 2017-18 में स्नातक प्रथम सेमेस्टर वर्ष में अब एडमिशन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
यह फैसला बुधवार को कुविवि प्रशासनिक भवन में कुलपति प्रो. डीके नौड़ियाल की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लेते हुए सैद्धांतिक सहमति दी गई। ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के लिए प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट और डॉ. महेंद्र सिंह राणा को अधिकृत किया गया है। बैठक में विवि के नए शिक्षा सत्र के शैक्षणिक कैलेंडर को भी अंतिम रूप दिया गया।
कुलपति प्रो. नौड़ियाल ने कहा कि अधिकांश विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रियाएं ऑनलाइन ही होती हैं, जबकि कुमाऊं विवि अभी इस क्षेत्र में कदम नहीं बढ़ा पाया है। तय किया गया कि स्नातक प्रथम वर्ष के अलावा अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को परीक्षाफल घोषित होने के 15 दिन के भीतर अगली कक्षा में प्रवेश लेना होगा।
बैठक में बीते वर्ष सात जून को हुई प्रवेश समिति की बैठक का समिति द्वारा अनुमोदन भी किया गया। बैठक में कुलसचिव प्रो. डीसी पांडेय, परीक्षा नियंत्रक प्रो. रजनीश पांडे, निदेशक डीएसबी प्रो. एसपीएस मेहता, अल्मोड़ा के निदेशक प्रो. आरएस पथनी, प्रो. भगवान सिंह बिष्ट, प्रो. डीके भट्ट, प्रो. संतोष कुमार, डॉ. ऊषा मित्तल, डॉ. जीएस बिष्ट, डॉ. हेमा प्रसाद, डॉ. आरसी पुरोहित आदि थे।
15 जून से भरे जा सकेंगे ऑनलाइन एडमिशन फार्म
कुमाऊं विवि के रजिस्ट्रार प्रो. डीसी पांडेय ने बताया कि यूजी प्रथम सेमेस्टर में ऑनलाइन प्रवेश फार्म 15 जून से लेकर 10 जुलाई तक भरे जाएंगे। इसके अलावा प्रवेश फार्मों की जांच 11 जुलाई से 15 जुलाई तक होगी।
शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई होगी, जबकि शिक्षण कार्य 21 जुलाई से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि कुमाऊं विवि की वेबसाइट केयूनैनीताल डॉटएसी डॉट इन पर जल्द ही सभी जानकारियां मुहैया करा दी जाएगी।