हल्द्वानी। आजाद नगर लाइन नंबर आठ में कंफेक्शनरी की दुकान में शनिवार तड़के आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने दुकान में रखे सामान को चपेट में ले लिया। आग से दुकान के ऊपरी मंजिल स्थित घर में रखे घरेलू उपकरण भी जल गए। अग्निकांड में लाखों के नुकसान की आशंका है। मो.शाहनवाज की लाइन नंबर आठ में मिकरानी सेल्स नाम से दुकान है। दुकान के ऊपर उनका घर है जहां उनका परिवार रहता है। दुकान में तड़के चार बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। शाहनवाज को आग लगने का पता तब चला जब ऊपरी मंजिल में धुआं भरने लगा। आननफानन नीचे उतरे तो देखा कि दुकान भीषण आग की चपेट में है। किसी तरह परिजनों को बाहर निकाला। शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया। पड़ोसियों ने घरों से पानी लाकर आग को फैलने से रोका। तब तक सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई।
एफएसओ मिंदरपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचकर आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया।
दुकान स्वामी शाहनवाज ने बताया कि दुकान में मक्खन, चाॅकलेट, बेकरी के महंगे आइटम, चिप्स आदि जल गए। जो सामान बचा भी है, उसमें से जलने की दुर्गंध आ रही है। अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। 22 सितंबर को जीएसटी कम होने के बाद उन्होंने थोक में माल खरीदा था जो अग्निकांड की भेंट चढ़ गया।