हल्द्वानी। खटीमा की युवती को देह व्यापार में धकेलने की तैयारी थी। उसे पैसों से लेकर महंगे मोबाइल तक के ऑफर दिए गए। जब वह नहीं मानी तो उसके साथ जमकर मारपीट की गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने साथ काम करने वाली महिला पर अनैतिक देह व्यापार सहित कई धाराओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार खटीमा निवासी एक युवती धान मिल तिराहे के एक मॉल में काम करती थी। उसके साथ डहरिया निवासी तुलसी राय भी काम करती थी। आरोप है कि तुलसी खटीमा की युवती को देह व्यापार में धकेलना चाहती थी। वह कई दिन से उसे बड़े लालच दे रही थी। बृहस्पतिवार को भी तुलसी ने उसे एक व्यक्ति के साथ शरीरिक संबंध बनाने के एवज में 10 हजार रुपये देने का ऑफर दिया। जब वह नहीं मानी तो उसे महंगा मोबाइल देने का ऑफर किया गया। इसके बाद भी नहीं मानने पर उसकी पिटाई की गई। उसे जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने के लिए विवश किया गया, लेकिन युवती ने कोतवाली पहुंचकर इसकी शिकायत कर दी।
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि युवती की तहरीर पर तुलसी राय के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 323, 506 और अनैतिक देह व्यापार में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।