रामनगर/भीमताल (नैनीताल)। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते रामनगर स्थित मां गर्जिया देवी मंदिर और भीमताल के हैड़ाखान मंदिर में 31 मार्च तक श्रद्धालु दर्शन पूजन नहीं कर पाएंगे। इस संबंध में मंदिर समितियों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। कहा कि 25 मार्च से मंदिरों में नवरात्रि मेले भी स्थगित कर दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक में श्री गिरिजा देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष कुबेर सिंह अधिकारी ने बताया कि गिरिजा देवी मंदिर से हजारों लोगों की आस्था जुड़ी है। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया है। बैठक में पदाधिकारियों की सहमति और लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए 31 मार्च तक किसी को भी दर्शन नहीं करने को कहा गया है। उन्होंने अन्य मंदिरों में भी लोगों से भीड़ से बचने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। बैठक में सचिव डा. देवीदत्त दानी, कोषाध्यक्ष डा. निशांत पपनै, गोविंद बधानी, रमेश मिश्रा रहे।
इधर, हैड़ाखान मंदिर के व्यवस्थापक रागवेंद्र सिंह सम्मल ने बताया कि सरकार और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत 31 मार्च तक मंदिर बंद कर दिया है। एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से हैड़ाखान मंदिर को 31 मार्च तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
60 विदेशी पर्यटकों को हैड़ाखान मंदिर खाली करने के दिए निर्देश
भीमताल। हैड़ाखान मंदिर के व्यवस्थापक रागवेंद्र सिंह सम्मल बताया कि मंदिर में रह रहे रूस, इटली, जर्मनी, ब्राजील, स्विट्जरलैंड सहित अन्य देशों के 60 विदेशी पर्यटकों को मंदिर खाली करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। बताया कि मंदिर में 10 दिन पूर्व ही सैलानियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी।