शुक्रवार को भी नहीं आया विमान
पिथौरागढ़। दो नवंबर से बाधित हवाई सेवा का संचालन शुक्रवार को भी नहीं हुआ। विमान संचालन कंपनी हेरीटेज की ओर से शुक्रवार से हवाई सेवा एक बार फिर संचालित होने की बात कही गई थी।
11 अक्तूबर से भारत सरकार की उड़ान योजना के तहत गाजियाबाद के हिंडन और देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा का संचालन शुरू किया गया। बीते 2 नवंबर से हवाई सेवा बाधित है। कंपनी की ओर से विमान की मरम्मत कराने की बात कही जा रही है। कंपनी ने पहले 16 नवंबर से हवाई सेवा शुरू होने की बात कही थी। उसके बाद 22 नवंबर की तिथि दी गई थी, लेकिन शुक्रवार को भी विमान नहीं आया। उपजिलाधिकारी सदर तुषार सैनी का कहना है कि शनिवार को भी विमान के आने की संभावना नहीं है। कब से हवाई सेवा नियमित होगी, इसके संबंध में प्रशासन के पास भी कोई सूचना नहीं है।