हल्द्वानी। शहर के 60 वार्ड में डोर टू डोर कूड़ा उठाने में लापरवाही की शिकायतों के बाद नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने सख्ती दिखाई है। कूड़ा कलेक्शन कार्य में लगे सभी वाहनों की फिटनेस 10 दिन के अंदर कराने के साथ ही जीपीएस को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
कूड़ा उठाने वाली संस्था मैजिक जीनी के साथ बैठक कर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वाहन पूरी तरह चालू स्थिति में रहे। जीपीएस प्रणाली कार्य करें और इसकी रोजाना मॉनीटरिंग हो। दस दिनों के भीतर सभी वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए।
निगम में स्थापित होगा शिकायत प्रकोष्ठ
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम कार्यालय में शिकायत प्रकोष्ठ स्थापित होगा। इसमें एजेंसी ही अपने दो कर्मियों की तैनाती करेगा। दो हेल्पलाइन नंबर हैं जिस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण होना है। वार्ड एक से 33 तक हेल्पलाइन नंबर 9458178738 व 9997680443 और वार्ड 34 से 60 की शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 8882610000 पर सुनी जाएं।यह सुनिश्चित करना होगा कि एजेंसी, घर-घर और वाणिज्यिक क्षेत्रों से समय पर कचरा उठाए।