फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गौला लबालब फिर भी आधा शहर प्यासा 

Mon, 18 Jul 2016 01:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी।
विज्ञापन
गौला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
लगातार हो रही बारिश से गौला लबालब है मगर आधा शहर प्यासा है। लोगों को अवकाश के दिन बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ा। आधे शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। टैंकरों से की गई व्यवस्था भी नाकाफी साबित हुई। 
विज्ञापन

शुक्रवार की रात से हो रही बारिश ने जल संस्थान की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश से गौला का जलस्तर बढ़ गया है। गौला लबालब होती जा रही है और जल संस्थान के लिए संकट बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह से ही शहर और ग्रामीण की पेयजल आपूर्ति ध्वस्त हो गई थी। जल संस्थान के फिल्टर प्लांट को गौला बैराज से मिलने वाला पानी बंद हो गया था।

रविवार को भी आधे शहर में पानी की सप्लाई नहीं हुई। ओवरहेड टैंक और टैंकर से कराई गई आपूर्ति नाकाफी साबित हुई। बैराज से पानी न मिलने के कारण फिल्टर प्लांट खाली पड़ा रहा। शहर में प्रतिदिन पेयजल की डिमांड 65 से 70 एमएलडी है। गौला बैराज से जल संस्थान को प्रतिदिन 34.5 एमएलडी पानी मिलता है। पांच एमएलडी पानी शीतलाहाट स्रोत से मिलता है। शेष आपूर्ति ट्यूबवेलों से होती है। रविवार को शहर में नैनीताल रोड, आवास विकास, सुभाष नगर, मल्ला गोरखपुर, नवाबी रोड, रामपुर रोड, बरेली रोड और ग्रामीण क्षेत्र में बिठौरिया, मल्ला गोरखपुर, पनियाली, कुसुमखेड़ा, बमौरी, हिम्मतपुर तल्ला-मल्ला, आरटीओ रोड, छड़ायल आदि क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही।
विज्ञापन


जल संस्थान के 16 ओवरहेड टैंक से दिया गया पानी भी अंतिम छोर तक नहीं पहुंच सका। जल संस्थान ने छह टैंकर से पेयजल आपूर्ति कराई गई। एक टैंकर ने पांच चक्कर लगाए फिर भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके उपाध्याय ने बताया कि गौला का जलस्तर 10 हजार क्यूसेक होने पर ही फिल्टर प्लांट को पानी मिलता है। बैराज को बचाने के लिए सभी गेट खोल दिए गए हैं। 
-----------------------------
गौला का जलस्तर 
समय       क्यूसेक 
06.00      12,408
08.00      20,682
10.00      16,548
12.00      13,800
02.00      13,800 
04.00      13,800
06.00      15,202
08.00      26,220 
----------------------

जगदंबा नगर में पेयजल संकट 
हल्द्वानी। जगदंबा नगर में ओवर हेड टैंक होने के बावजूद पेयजल संकट है। दावे करने में माहिर जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल संकट नहीं दिखाई दे रहा है। जगदंबा नगर ओवर हेड टैंक को ट्यूबवेल चलाकर भरा जा रहा है। एक सप्ताह से लगातार टैंक भर रहा है मगर पानी कहां जा रहा है पता नहीं। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके उपाध्याय का कहना है कि एडीबी ने ओवर हेड टैंक बनाए थे और एक लाइन को जोड़ दिया था। शेष लाइनों में गौला का पानी चल रहा है। उन्होंने बताया कि वितरण सिस्टम न होने के कारण एक लाइन जोड़ी गई है। 

आज भी हो सकता है पेयजल संकट 
हल्द्वानी। गौला के बढ़ रहे जल स्तर ने जल संस्थान के अधिकारियों की परेशानी बढ़ा दी है। शाम से गौला का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा था। बारिश न रुकने पर गौला का जलस्तर बढ़ता रहेगा और जल संस्थान के फिल्टर प्लांट को सोमवार को भी पानी नहीं मिल पाएगा। गौला का जलस्तर कम न होने पर शहर और ग्रामीण के लोगों को सोमवार को भी पेयजल संकट झेलना पड़ेगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें