कोटाबाग। सीतावनी कंजर्वेशन रिजर्व के पवलगढ़ जंगल सफारी गेट के पास सिंचाई नहर किनारे सिंचाई विभाग का चेतावनी बोर्ड लगा होने के बावजूद अराजकतत्वों का जमावड़ा लग रहा है। यहां शराब पीकर कूड़ा फैलाया जा रहा है और गर्मी में नहाने वालों की भीड़ के कारण हादसे का खतरा बना है। यह क्षेत्र वन्यजीव कॉरिडोर भी है। नेचर गाइड व पवलगड़ निवासी संजय बिष्ट ने कहा, बोर्ड लगा है फिर भी लोग नहर में नहा रहे हैं और शाम को शराब पीकर गंदगी फैला रहे हैं। संबंधित विभाग को बड़े चेतावनी बोर्ड लगाने चाहिए और अराजकतत्वों पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने वन विभाग, सिंचाई विभाग व पुलिस से गश्त बढ़ाने और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।