हल्द्वानी। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड ( एचपीसीएल) अब कालूसांई मंदिर से कठघरिया तक गैस पाइप लाइन बिछाएगा। इसके लिए एचपीसीएल ने लोनिवि को सड़क कटिंग की धनराशि हस्तांतरित कर दी है।
अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने डीएम कैंप कार्यालय में हुई अधिकारियों की बैठक में बताया कि अब डिग्री कॉलेज से कालूसांई मंदिर और कालाढंगी रोड होते हुए कठघरिया तक गैस पाइप लाइन बिछाई जानी है। उन्होंने एचपीसीएल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए लोनिवि, जलसंस्थान, जलनिगम, संचार, नगर निगम और ऊर्जा निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करेंगे। गैस पाइप लाइन बिछाने के बाद तत्काल गड्डों को भरेंगे। मलबा का निस्तारण करेंगे ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू ढंग से चल सके। सड़क खोदाई के दौरान यह ध्यान रखा जाएगा कि पेयजल और संचार व्यवस्था की लाइनें ध्वस्त न हों। भविष्य मे जिन सडकों पर भी गैस पाइप लाइन बिछाने का प्रस्ताव है, उन प्रस्तावों के बारे में पहले जानकारी देना होगा।