रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया मंदिर के टीले में आईं दरारों को रोकने के लिए सिंचाई विभाग पत्थरों को जाल से बांध रहा है।
गर्जिया मंदिर के टीले में आईं दरारों को देख मंदिर समिति ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगाई थी। इस मामले में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे और आईआईटी रुड़की को पत्र भेजकर इंजीनियरों की टीम भेजने के लिए कहा था। वहीं, सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया। इसके बाद टीले को पत्थरों के जाल से सुरक्षित करने का काम शुरू करा दिया।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता केसी उनियाल ने बताया कि मंदिर की सुरक्षा को देखते हुए कार्य कराया जा रहा है ताकि बरसात में मंदिर को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि मंदिर की सुरक्षा के लिए पत्थरों का जाल बनाया जा रहा है। मंदिर में काम कर रहे मजदूर सलाउद्दीन ने बताया कि पत्थरों की दीवार बनाने से टीले को मजबूती मिलेगी।