भीमताल (नैनीताल)। जिला पंचायत के गैंग मेटों ने बुधवार को राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू के नेतृत्व में भीमताल विकास भवन कार्यालय में रोजगार केे लिए धरना-प्रदर्शन किया। हरीश पनेरू ने कहा कि जिला पंचायत के गैंग मेटों को पहले साल भर नौकरी में रखा जाता था लेकिन अब 72 दिन का रोजगार कर दिया है। 500 के बजाय 350 रुपये मजदूरी दी जा रही है। रोजगार पूरा नहीं मिलने और मजदूरी कम मिलने से मजदूरों को परिवार का खर्चा चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने जिला पंचायत अधिकारी को फोन कर सालभर रोजगार और मानदेय नहीं बढ़ाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। गैंग मेट केडी पलड़िया ने कहा कि रोजगार में कटौती और कम मानदेय मिलने से परिवार का खर्चा नहीं चल रहा और बच्चों की फीस नहीं भर पा रहे हैं। जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो परिवार के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान नीरज कुमार मोनू, खीमानंद बेलवाल, कुंदन सिंह रौतेला, पूरन सिंह भंडारी, राम किशन, उमेश शर्मा, राजेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।