वैश्य महासभा की ओर से गणेश महोत्सव के सातवें दिन गणपति विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल सुंदर झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे गूंजते रहे।
बृहस्पतिवार को वैश्य महासभा की ओर से रामलीला मैदान से शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें ध्वज, दोपहिया वाहनों में सवार युवकों की टोली, विभिन्न झांकियां और गणेश जी की डोली चल रही थी। हरगोविंद सुयाल स्कूल की देशप्रेम पर आधारित झांकी आकर्षण का केंद्र रही। स्वच्छ भारत मिशन पर केंद्रित महर्षि विद्या मंदिर की झांकी ने लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। नुपुर कला केंद्र की झांकी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। रंग बिरंगे परिधान पहनीं महिलाएं भजन गातीं यात्रा में शामिल थीं। यात्रा में वैश्य महिला समिति और युवा वैश्य महासभा का योगदान रहा। इस मौके पर श्रीकांत खंडेलवाल, रामबाबू जायसवाल, बद्रीप्रसाद गुप्ता, सुशील अग्रवाल, भगवान सहाय अग्रवाल, नीरज प्रभात गर्ग, रामकिशोर अग्रवाल, तनुज गुप्ता, असीम सिंघल, राजीव अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता आदि मौजूद रहे। शहर के कई हिस्सों से गणेश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई रानीबाग पहुंची, जहां मूर्ति विसर्जन किया गया।