नैनीताल। सेंट जोसेफ कॉलेज की 136वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को आयोजित की गई। इस वर्ष की कॉक हाउस ट्रॉफी गांधी हाउस ने जीती।
हाईकोर्ट के न्यायाधीश आलोक मेहरा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे, जो 1987 बैच के पूर्व छात्र रहे हैं। विद्यालय खेल मैदान में मार्च पास्ट और ध्वजारोहण के साथ खेल गतिविधियों की शुरुआत हुई।
प्रतियोगिता में रिले दौड़, पीटी डिस्प्ले, पिरामिड, ऊंची कूद और लंबी कूद समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने कारगिल शहीद मेजर राजेश अधिकारी सहित देश के अन्य वीरों को नमन किया। जसकरण सिंह बल को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ एथलीट और कार्निक गोस्वामी को मोस्ट प्रॉमिसिंग एथलीट से पुरस्कृत किया गया। क्रिकेट ड्रिल, पोम पोम ड्रिल और भांगड़ा भी आयोजन का हिस्सा रहे।
वहीं मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्हें लक्ष्य तय कर उसके अनुरूप मेहनत करने का आह्वान किया। साथ ही सफलता के टिप्स भी दिए। प्रधानाचार्य सेबेस्टियन जॉर्ज ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट पढ़ी।