नैनीताल। लैंडोलीग फुटबाल टूर्नामेंट में मंगलवार को नॉकआउट मुकाबला खेला गया जिसमें गैलेक्सी एफसी ने शेरवुड एफसी को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। गैलेक्सी एफसी ने पूरे मुकाबले के दौरान मैदान पर बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल गैलेक्सी एफसी के स्टार खिलाड़ी अभिजीत (बॉबी) ने दागा। इस शानदार मैदानी गोल की बदौलत टीम ने 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली जो अंत तक कायम रही। दूसरी ओर शेरवुड एफसी के खिलाड़ियों ने वापसी के लिए कई प्रयास किए लेकिन गैलेक्सी एफसी की मजबूत रक्षा पंक्ति (डिफेंस) ने उनके हर हमले को नाकाम कर दिया।