नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने जसपुर स्थित एनएस गहलोत लॉ कॉलेज का परीक्षा केंद्र तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह निर्णय औचक निरीक्षण में गंभीर अनियमितताओं और नकल के संदेह के बाद लिया गया। साथ ही आगामी परीक्षाएं अब दूसरे कॉलेज में आयोजित कराई जाएंगी।
कुलपति प्रो. डीएस रावत के निर्देशों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कार्रवाई की। आरएलएस मेमोरियल डिग्री कॉलेज को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां 13 जून से सभी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इससे पहले कुलपति प्रो. रावत ने निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी देखकर बीए-एलएलबी, एलएलबी और बीबीए-एलएलबी की परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं। यह औचक निरीक्षण बुधवार को परीक्षा से ठीक एक दिन पहले किया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली में विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक था। कुलपति रावत ने कहा परीक्षाओं की पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।