विकासखंड भीमताल के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी दफ्तर पर हंगामा काटा। उन्होंने बारिश, ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का शीघ्र मुआवजा मांगा।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि चार अप्रैल को हुई भारी ओलावृष्टि से काश्तकारों की गेहूं, आलू, प्याज, मटर, आड़ू, पुलम, नाशपाती, आम, लीची, खुमानी और सब्जियों को भारी नुकसान हुआ है। जिस कारण काश्तकार भुखमरी के कगार पर हैं। उन्होंने काश्तकारों को फसलों का मुआवजा देने, काश्तकारों का ऋण माफ किए जाने, फसल बीमा की राशि जल्द देने, पशुपालकों को चारे के लिए अनुदान देने, जंगली जानवरों और बंदरों से निजात दिलाने, पंचायतों में काश्तकारों को रोजगार के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में ब्लाक प्रमुख गीता बिष्ट, बीडीसी सदस्य गणेश सिंह महरा, नितिन बिष्ट सावित्री शर्मा, घनश्याम सिंह, गिरीश बहुखंडी, लीलाधर आर्या, चनी राम, वीरेंद्र महरा, रमेश वर्मा, प्रीतम सिंह जीना, भावना वर्मा, सुरेश राम प्रधान, नरेंद्र तिवारी समेत करीब तीन दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद थे।