हल्द्वानी। लोगों के आर्थिक विकास में बढ़ोतरी करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक जनपद दो उत्पाद योजना की शुरुआत की है। उपलब्ध संसाधन, कच्चा माल, उत्पाद की उपलब्धता, डिजाइन, हस्तशिल्पी और बुनकर की उपलब्धता एवं कौशल विकास संबंधित सुविधाओं को देखते हुए 13 जिलों को 26 उत्पादों की योजना सौंपी गई है। नैनीताल को ऐपण और प्रोसेस्ड फ्रूट तो देहरादून को बासमती और फार्मा प्रोडक्ट्स की जिम्मेदारी दी गई है।
वैश्वीकरण के बाद बाहर से आयातित और मशीनीकृत निर्मित उत्पादों के बाजार में आने, नई तकनीक और डिजायन के उत्पादों की उपलब्धता से जहां प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, वहीं पर्वतीय जिलों में सूक्ष्म और लघु उद्योग हथकरघा, हस्तशिल्प, ताम्रशिल्प, रिंगाल आदि उत्पाद को अपना वर्चस्व बनाए रखना मुश्किल हो गया है। शासन स्तर पर देखा गया कि प्रत्येक जिले में खासकर पहाड़ी जिलों में उत्पादन के लिए कौशल की कमी और दस्तकारों की सीमित संख्या है। साथ ही बड़े कलस्टर नहीं हैं। अब एक जनपद दो उत्पाद योजना में बाजार में मांग के अनुरूप कौशल विकास, डिजाइन, तकनीकी प्रशिक्षण, कच्चा माल बैंक की स्थापना, विपणन और वैज्ञानिक सोच के आधार पर इसे नया रूप दिया जाएगा। योजना की प्रगति की मासिक समीक्षा जिलास्तर पर डीएम और राज्यस्तर पर प्रमुख सचिव करेंगे। प्रत्येक उत्पाद और कलस्टर के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की ओर से कार्ययोजना बनाकर बजट की व्यवस्था की जाएगी।
.............
राज्य के जिले और चिह्नित उत्पाद....
अल्मोड़ा - वेलनेस पर्यटन और हैंडलूम, हथकरघा
बागेश्वर - पर्यटन और हस्तशिल्प उत्पाद
नैनीताल - ऐपण क्राफ्ट और प्रोसेस्ड फ्रूट
चंपावत - लौह शिल्प उत्पाद और दुग्ध उत्पाद
चमोली - राजमा, एरोमेटिक हर्बल उत्पाद
देहरादून - बासमती और फार्मा प्रोडक्ट्स
हरिद्वार - फार्मा प्रोडक्टस और आटोमूबील्स
पिथौरागढ़ - मंडुवा रागी और मुनस्यारी राजमा
पौड़ी - हर्बल मेडिसिन और एग्री एवं एलाइड प्रोडक्ट्स
रुद्रप्रयाग - हैंडीक्राफ्ट और रामदाना उत्पाद
टिहरी - एडवेंचर टूरिज्म और हैंडीक्राफ्ट प्रोडक्ट्स
उधमसिंह नगर - चावल एवं लीची और आटोमूबील्स
उत्तरकाशी - एप्पल, राजमा और वूलन प्रोडक्ट्स
...........
सचिव के निर्देश पर एक जनपद दो उत्पाद योजना में काम किया जा रहा है। डीएम और सीडीओ के निर्देश पर प्राइमरी सर्वे और एक्शन प्लान किया जा रहा है। स्थानीयउद्यमियों की आय बढ़ने, नए रोजगार पैदा करने के अलावा उत्पादों को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल सकेगी।
सुनील कुमार पंत, महाप्रबंधक उद्योग, नैनीताल।