भीमताल के रौशिल से वैकल्पिक मार्ग को लेकर पहुंचे एसडीएम योगेश सिंह मेहरा और लोनिवि अधिकारी। संव?
- फोटो : BHIMTAL
भीमताल (नैनीताल)। लोक निर्माण विभाग ने मंगलवार को काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग पर यातायात सुचारु कराने के लिए रौशिल से वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि एक हफ्ते में वैकल्पिक मार्ग से काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग पर यातायात शुरू करा दिया जाएगा।
एक सप्ताह पहले भूस्खलन से काठगोदाम-हैड़ाखान सड़क बंद होने से भीमताल और ओखलकांडा ब्लॉक के 120 से अधिक ग्राम पंचायतों के ग्रामीण जरूरी काम के लिए कच्चे मार्ग पर खड़ी चढ़ाई पार कर पैदल हल्द्वानी, भीमताल आ जा रहे हैं। ग्रामीणों की दिक्कतों को देखते हुए लोनिवि ने मंगलवार को रौशिल से वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए दो जेसीबी की मदद से निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों ने सप्ताह भर में मार्ग को पिकअप से वाहनों की आवाजाही के लिए शुरू कराने की बात कही है। मंगलवार को एसडीएम योगेश सिंह मेहरा और लोनिवि के ईई दीपक गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों के साथ रौशिल मार्ग का निरीक्षण किया। विभाग ने विजयपुर से ओखलढूंगा पैदल मार्ग को भी विशेषज्ञों की सहमति पर वैकल्पिक मार्ग के तैयार करने की बात कही है। लोनिवि ईई दीपक गुप्ता ने बताया कि काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग बंद होने से किसानों की दिक्कतों को देखते हुए रौशिल से वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम शुरू किया है। उन्होंने बताया कि रौशिल के वैकल्पिक मार्ग को अमृतपुर-जमरानी मार्ग पर मिलाया जाएगा ताकि काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग पर आवाजाही सुचारु हो सके। उन्होंने बताया सप्ताह भर में पिकअप से आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग पर ग्रामीणों की पैदल आवाजाही के लिए मलबा हटाया गया है। पहाड़ी से अभी भी मलबा गिर रहा है, इस वजह से मार्ग पर यातायात सुचारु नहीं हो पा रहा है।