हल्द्वानी। दृष्टिबाधित संस्थान में बच्ची से यौन शोषण मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। चौथी पीड़िता ने भी पुलिस को बयान दे दिए हैं। पीड़िता ने श्याम धानक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दृष्टिबाधित संस्था पहुंचकर एक-एक कर बच्चियों से बात की और उनके दिमाग में बैठे भय को बाहर निकालने का प्रयास किया। साथ ही जांच में भी सहयोग मांगा।
धानक मामले की जांच कर रही जांच अधिकारी ने तीन दिन पहले ही ड्यूटी ज्वाइन की। ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद चौथी पीड़िता का पता खोजा। पुलिस उसके घर पहुंची और उससे पूछताछ की। चौथी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि धानक उसके साथ ही अश्लील हरकत करता था। उसे गलत तरीके से छूता था। बता दें कि उक्त पीड़िता संस्था से पासआउट होकर जा चुकी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस के हाथ कुछ पुख्ता साक्ष्य भी लगे हैं। पुलिस अब तक चारों पीड़िताओं का बयान दर्ज कर चुकी है। उधर जांच अधिकारी ने संस्था में जाकर बच्चियों से बात की। आरोपी की करतूत के बाद से बच्चियों के दिमाग में बैठे भय को निकालने के लिए पुलिस ने बच्चियों की काउंसलिंग की। बच्चियों से पूछताछ करने के साथ पुलिस ने चारों पीड़िताओं की मेडिकल जांच भी करा ली है।