पहाड़पानी/पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक के डालकन्या में शुक्रवार की रात चार दोपहिया वाहनों में आग लगाने के आरोप में दो युवकों को राजस्व पुलिस ने सोमवार को अधोड़ा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों में से एक युवक नाबालिग है। दोनों पर धारा 435 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार को नाबालिग को बाल न्यायालय और बालिग को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एसडीएम अनुराग आर्य के नेतृत्व में तहसीलदार नितेश डागर ने अपनी टीम के साथ युवकों को गिरफ्तार किया। तहसीलदार ने बताया कि दोनों ने पूछताछ करने पर बताया कि उनकी स्कूटी में तेल खत्म हो गया था। इसलिए वह पास ही के एक गैराज में खड़े वाहनों से तेल चुराने का प्रयास कर रहे थे लेकिन तेल नहीं निकल रहा था।
तेल के पाइप को पिघलाने के लिए उन्होंने लाइटर का इस्तेमाल किया जिससे वाहनों में आग लग गई। आग को बढ़ता देख वे मौके से फरार हो गए। जलने वाले वाहनों के मालिकों ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसडीएम अनुराग आर्य ने बताया कि दोनों में से उमेश सिंह बालिग है। उन्होंने 48 घंटों में मामले को सुलझाने पर राजस्व विभाग की टीम में शामिल नायब तहसीलदार तान्या रजवार, कानूनगो मोहम्मद शकील, पटवारी प्रकाश देवतल्ला, शिव सिंह चौहान, पूरन सनवाल, सुरेश सिंह और बालकृष्ण को बधाई दी है।
प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमे की तैयारी
डालकन्या में शनिवार को चार दोपहिया वाहनों में आग लगाने वाले अज्ञात लोगों की गिरफ्तारी न होने को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ तहसील प्रशासन मुकदमा दर्ज करने जा रहा है। एसडीएम अनुराग आर्या ने बताया कि ग्रामीणों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन और सड़क जाम करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अगर कोई भी नियमों को तोड़ता है तो उसके खिलाफ जरूर कार्रवाई की जाएगी।