नैनीताल। मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की सरकार की योजना और इसके लिए अलग से बजट देने के बावजूद कृष्णापुर वार्ड में कार्यरत चार पर्यावरण मित्रों को छह माह से उनके मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है। बीते दिनों कूड़ा निस्तारण के मुद्दे पर हुई पालिका की विशेष बोर्ड बैठक में भी यह मामला उठा था। ईओ ने सीएसआई को दोनों पक्षों से बातचीत कर पात्रों को मेहनताना दिलवाने के निर्देश दिए। बताया जाता है कि अधूरी उपस्थिति पंजिका और समिति प्रमुख सभासद के मानदेय अग्रसारित पुस्तिका में हस्ताक्षर न होने से मामला लंबित है। मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों से वार्ता कर प्रभावी पहल की जाएगी।