नगर निगम में तहबाजारी वसूली में लापरवाही बरतने वाले चार कर्मचारियों पर आखिरकार मंगलवार को गाज गिर गई। नगर आयुक्त ने तहबाजारी की समीक्षा करते हुए चार कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया।
इनकी जगह चार कर्मचारियों को तहबाजारी वसूली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर आयुक्त की कार्रवाई से कर्मचारियों में खलबली मची है।
नगर निगम में तहबाजारी वसूली में कर्मचारियों की मनमानी है। कर्मचारी फील्ड का बहाना बनाकर गायब रहते हैं। तहबाजारी वसूली में भी लक्ष्य पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
नगर आयुक्त ने पिछले सप्ताह तहबाजारी वसूली वाले कर्मचारियों को बुलाकर सभी का वसूली टारगेट पूछा था। इनमें चार कर्मचारियों ने महीने में 50 हजार रुपये की तहबाजारी भी नहीं वसूली थी।
नगर आयुक्त ने चारों कर्मचारियों को चेतावनी दी थी। मंगलवार को तहबाजारी वसूली की समीक्षा में चारों कर्मचारी लक्ष्य पूरा नहीं कर पाए। कर्मचारियों की वसूली मात्र 35 से 37 हजार रुपये मासिक थी।
नगर आयुक्त हरबीर सिंह ने कार्रवाई करते हुए हरि सागर, किशन लाल, गोपाल दत्त सुयाल, विनोद जोशी को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने कहा कि वसूली में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।