फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: फर्जी वोटिंग पर चार घंटे हंगामा, पोलिंग पार्टी को निकालने के लिए बुलानी पड़ी फोर्स

Tue, 29 Jul 2025 02:51 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
फोटो - मोटाहल्दू जयपुर खीमा स्थित मतदान केंद्र के बाहर अधिकारियों से बहस करते ग्रामीण।फोटो - म
विज्ञापन
हल्दूचौड़/लालकुआं। मोटाहल्दू के जयपुर खीमा स्थित मतदान केंद्र में एक परिवार के पांच लोगों के फर्जी वोट डालने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा कर दिया। तीन थानों की फोर्स के साथ ही पीएसी ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मतदान कार्मिकों को वहां से निकाला। रात करीब नौ बजे तहसीलदार से वार्ता के बाद ग्रामीण माने।
विज्ञापन



मोटाहल्दू क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र जयपुर खीमा में स्थित मतदान केंद्र के बूथ नंबर 137 में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों ने शाम करीब चार बजे एक परिवार के पांच लोगों के फर्जी वोट डालने की बात मतदान अधिकारी को बताई। यह बात बाहर बैठे समर्थकों को पता चली तो वे समर्थकों के साथ गेट पर आ गए। इस पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मुख्य द्वार के पास भारी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बूथ में मतदान निरस्त करने की मांग को लेकर ग्रामीण नारेबाजी करने लगे। मौजूद सेक्टर मजिस्ट्रेट बीएल जोशी एवं लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल, कोतवाल राजेश यादव और पीठासीन अधिकारी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। रात में तहसीलदार लालकुआं कुलदीप पांडे और हल्द्वानी, लालकुआं, चोरगलिया थानों की फोर्स के अलावा पीएसी जवान भी पहुंच गए। रात करीब नौ बजे तहसीलदार से वार्ता के बाद ग्रामीण माने। धरना दे रही महिलाओं को महिला जवानों ने हटाया। मतदान कार्मिकों व मतपेटियों को लेकर जाने वाली टीम को किसी तरह निकाला। यहां प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल मोटाहल्दू के अध्यक्ष संदीप पांडे, राकेश कविदयाल, निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य गरिमा पांडे, हेमा कविदयाल और महेश कबड़ाल शामिल रहे। वहीं, इस मतदान केंद्र का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक प्रत्याशी का पुत्र दूसरे प्रत्याशी के पोलिंग एजेंट को मारते हुए दिख रहा है। हालांकि किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की है। एसडीएम राहुल शाह का कहना है कि पीठासीन अधिकारी को घेरने वाले प्रदर्शनकारियों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




पिता दिल्ली में और यहां डल गया वोट : मनीष

मोटाहल्दू के आंगनबाड़ी केंद्र जयपुर खीमा स्थित बूथ नंबर 137 में वोट डालने पहुंचे मनीष बिरखानी ने बताया कि वह निर्धारित समय में वोट डालने बूथ में पहुंचे। इस दौरान पीठासीन अधिकारी ने बताया कि उनका वोट तो पहले ही डाला जा चुका है। मनीष बिरखानी ने बताया कि परिवार में उनके पिता ललित मोहन बिरखानी वर्तमान में दिल्ली में है और उनका वोट पड़ गया है। मनीष कुमार बिरखानी और उनके परिवार की चंद्रा बिरखानी, विशाखा बिरखानी और मंजू भट्ट का पूर्व में ही वोट डाला जा चुका है।
विज्ञापन






मतदान प्रक्रिया के दौरान तीन लोग अपना वोट डालने पहुंचे थे जिनका कहना था कि उनका वोट पड़ गया है। पीठासीन अधिकारी ने नाम में भिन्नता का हवाला दिया और टेंडर वोट डालने का अनुरोध किया। इस पर वोटरों ने मना करते हुए हंगामा कर दुष्प्रचार शुरू कर दिया। पोलिंग पार्टी को घेरकर उन्हें रोकने की कोशिश की गई। मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने संबंधिन थाना प्रभारी को तहरीर दी है।
दिनेश रावत, आरओ



विरोध-प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से टेंडर वोट के लिए कहा गया। जिन लोगों पर वोट डालने का आरोप था उन्हें तलाशा किया गया लेकिन वह नहीं मिले। मतदान को लेकर आपत्ति पर कोई भी लिखित रूप से शिकायत कर सकता है। समझाने पर ग्रामीण मान गए। कुलदीप पांडे, तहसीलदार लालकुआं
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें