हल्द्वानी। दोस्त के जन्मदिन का जश्न मनाने के दौरान गौला में बहने वाले पंतनगर के अभिषेक जोशी का शव गौला बैराज के गेट नंबर पांच से बरामद हो गया है। बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे जल पुलिस और काठगोदाम पुलिस ने तलाश शुरू की। करीब 11.30 बजे शव बाहर निकाल लिया गया।
बुधवार को पंतनगर निवासी अभिषेक जोशी मोहल्ले के ही दोस्त शुभम का जन्म दिन मनाने दोस्तों गिरीश चंद्र, पवन कुमार, कमल, ओम प्रकाश जोशी, शिवम मौर्य और राकेश वर्मा के साथ अमृतपुर आया था। जहां पहले सभी ने बियर पी थी इसके बाद गौला नदी में नहाने में उतर गए।
अभिषेक तैरने की बात कह कर नदी के बीचों-बीच पहुंच गया था। जब वह नदी से बाहर निकल रहा था तो पत्थर से पैर रपटने पर बह नदी में बह गया था। दोस्तों ने अभिषेक को रोकने की कोशिश की थी लेकिन पानी के तेज बहाव के साथ उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस के गोताखोरों ने तलाश की थी लेकिन पता नहीं चला था। बृहस्पतिवार की सुबह जल पुलिस, काठगोदाम पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया था। एसओ नीरज भाकुनी ने बताया कि शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है फिलहाल परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।