जंगलियागांव के जंगल में लगी आग बुझाते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : जंगलियागांव के जंगल में लगी आग बुझाते ग्रामीण। संवाद
पहाड़पानी/गरमपानी(नैनीताल)। पर्वतीय क्षेत्रों के जंगलों में लगी आग थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार दोपहर पहाड़पानी से सटे जंगलों में लगी आग तेज हवाओं के साथ पूरे जंगल में फैल गई। इस बीच आग बुझाने में जुटे वन कर्मी और ग्रामीण भी फंस गए। आग को अपनी ओर बढ़ता देख दो से तीन वन कर्मियों और ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग से क्षेत्र की वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं रामगढ़ के जंगल में लगी आग को एनडीआरएफ की टीम ने बुझाया।
रविवार की दोपहर पहाड़पानी, दीनी तल्ली, दीनी मल्ली, महतोलिया गांव और ओखलकांडा के मोहानागांव, थली के आसपास के गांवों में आग लगी रही। आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। वन विभाग के कर्मचारी जंगल में लगी आग बुझाने में लगे हुए हैं। नथुवाखान रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार आर्य ने बताया कि वन कर्मी, फायर वाचर और ग्रामीण आग को बुझाने में जुटे हुए हैं। हालांकि, वन कर्मियों और ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर रविवार देर शाम आग पर काबू पाया। इधर, भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत जंगलियागांव के जंगल में लगी आग इंटर कॉलेज, सियाखाल सिद्ध मंदिर बुढ़ाधूरा तक पहुंच गई। आग को आबादी की ओर आता देख ग्रामीण शनिवार की देर रात आग बुझाने में लगे रहे। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने कहा कि आग से वन संपदा को बेहद नुकसान पहुंचा है। आग बुझाने में कमल कुल्याल, लक्ष्मण कुल्याल, इंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं बेतालघाट के घोड़िया हल्सों की वन पंचायत में रविवार को आग लगी रही। वहीं भवाली क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि दोपहर में लगी आग को बुझा लिया गया है। संवाद