भीमताल(नैनीताल)। धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली में बुधवार को वन दरोगा पूरन चंद्र मेलकानी को पीटने के साथ गालीगलौज की गई थी। मामले में कार्रवाई नहीं होने से वन कर्मचारियों में नाराजगी है।
वन दरोगा की ओर से मुक्तेश्वर थाने में तहरीर देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से वन कर्मचारियों और अधिकारियों में नाराजगी है। रेंजर विजय भट्ट ने कहा कि वन कर्मचारी आदमखोर वन्यजीवों को पकड़ने में जुटे हुए हैं। ऐसे में वन दरोगा के साथ इस तरह की घटना से वनकर्मियों का मनोबल गिरा है। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज वनकर्मियों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुक्तेश्वर थानाध्यक्ष जगदीप नेगी ने बताया कि वन दरोगा की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद