नैनीताल/रामनगर। वन आरक्षियों ने पदोन्नति, बढ़े हुए ग्रेड-पे समेत अन्य मांगों को लेकर दूसरे दिन शुक्रवार को भी धरना जारी रखा। वन बीट अधिकारी/वन आरक्षी संगठन के बैनर तले तल्लीताल स्थित वन संरक्षक कार्यालय में दिए गए धरने और नारेबाजी के दौरान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल भगत ने कहा कि विभाग में तैनात आरक्षियों की मांग को लेकर धरना दिया जा रहा है।
कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी। धरने में सहायक वन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्र शेखर जोशी, महामंत्री रणजीत सिंह थापा, अतुल भगत, नंदा प्रसाद, नितिन पांडेय, दीपक बिष्ट, राजेंद्र वर्मा, नरेश भट्ट, मनप्रीत सिंह आदि शामिल रहे।
इधर, रामनगर में भी प्रांतीय कार्यकारिणी वन बीट अधिकारी व वन आरक्षी संघ के आह्वान पर वन कर्मियों ने कार्बेट कार्यालय के पास धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान वनकर्मी कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। उन्होंने पूर्व की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। धरने पर सरजीत सिंह, अरुण कुमार, तारा चंद्र डौर्बी, रवि कुमार, प्रमोद कुमार, तेजपाल सिंह, मोहित रावत, स्वाति चौहान, भावना रावल आदि वन कर्मी बैठे। संवाद