गरमपानी/पहाड़पानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थुवा की पहाड़ी में सोमवार को अचानक आग लगने से वन संपदा का नुकसान पहुंचा है। तेज हवाओं के साथ आग पूरे क्षेत्र में तेजी से जंगल में फैल गई। खड़ी चट्टान होने के चलते वन विभाग की टीम को आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। भवाली के वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि कर्मचारी आग बुझाने में लगे हुए है। इधर उत्तर गौला वन क्षेत्र में सलियाकोट से सटे जंगल में रविवार की देर शाम आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने वन कर्मियों के साथ सोमवार की सुबह जंगल में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान वन दरोगा पूरन चंद्र मेलकानी, मनोज कैड़ा, संजय शर्मा, हेम शर्मा आदि मौजूद रहे।