नैनीताल। गर्मी के मौसम में नैनीताल क्षेत्र में आने वाले प्रवासी और स्थानीय पक्षियों की गतिविधियों पर वन विभाग विशेष नजर रखेगा। इसके तहत पक्षियों के व्यवहार, रहन-सहन और प्रवास पैटर्न का अध्ययन किया जाएगा। एसडीओ ममता चंद ने बताया कि विभाग बीते तीन वर्षों से अलग-अलग मौसम में पक्षी गणना कर रहा है। गर्मी में नैनीताल पहुंचने वाले कई प्रजातियों के पक्षियों के खानपान, घोसले और रहन-सहन का बारीकी से अध्ययन होगा। निगरानी का उद्देश्य पक्षियों का संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना और बदलते मौसम के प्रभावों का आकलन करना है। विभाग की टीम समय-समय पर निरीक्षण कर संरक्षण संबंधी कदम उठाएगी। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा जिससे पक्षी गणना में भी सहायता मिलेगी।