लालकुआं (नैनीताल)। तराई पूर्वी वन प्रभाग डॉली रेंज के वन कर्मियों ने खैर की लकड़ी से लदा कैंटर पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस दौरान तस्कर फरार हो गए। बरामद लकड़ी की कीमत 5 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
वनक्षेत्राधिकारी डॉली ने मुखबिर सूचना पर शुक्रवार को हल्द्वानी-किच्छा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टीम को तैनात कर नाकेबंदी की। सुबह चार बजे किच्छा बाईपास पर टीम ने हल्द्वानी-किच्छा राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर से एक वाहन को जांच के लिए रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। वन कर्मियों के पीछा करने पर चालक अपने वाहन को सड़क के किनारे खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से फरार हो गया।तलाशी लेने पर कैंटर से बहुमूल्य खैर की लकड़ी के गिल्टे बरामद किए गए। विभाग ने वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। वाहन में खैर के 106 गिल्टे पाए गए जिनकी वर्तमान में कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी ने बताया पकड़े गए वाहन को सीज कर दिया गया है। टीम में उपराजिक मनोज जोशी, एलएस मेवाड़ी, वनदरोगा दिनेश पंत, सत्येंद्र दुबे, नित्यानंद भट्ट, कुलदीप पांडे, किशन राम सहित कई वन कर्मी शामिल थे। संवाद