रामनगर। 15 फरवरी से 15 जून तक चलने वाले फायर सीजन के लिए वन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्क वार्डन अमित ग्वासीकोटी ने बताया कि कॉर्बेट व उससे सटे वन प्रभागों ने फायर लाइन व झाड़ियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है।
साथ ही लोगों से भी जंगलों को आग से बचाने के लिए सहयोग की अपील की गई है। वनाग्नि रोकने के लिए गर्जिया समिति के अध्यक्ष कुबेर अधिकारी व पूर्व सभासद भुवन डंगवाल ने सोमवार को स्कूली छात्राओं के साथ गोष्ठी कर उन्हें जागरूक किया। वक्ताओं ने छात्राओं को वनों में आग लगने के कारण, उससे नुकसान और जंगल को कैसे बचाया जा सकता है, इस पर जानकारी दी। संवाद
पायलट बाबा आश्रम के पास जंगल में लगी आग
नैनीताल। मुख्यालय के समीपवर्ती पायलट बाबा आश्रम के पास जंगल क्षेत्र में आग लग गई। हालांकि दमकल विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही आग बुझ चुकी थी। एफएसओ किशोर उपाध्याय ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे दमकल विभाग को सूचना मिली कि उक्त जंगल में आग लगी हुई है। इस पर टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग बुझ चुकी थी। इस पर टीम लौट आई। संवाद