हल्द्वानी। तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टीम ने पांच डंपरों को सीज किया है। पांचों डंपर रॉयल्टी में दर्ज क्रशर के बजाय दूसरे क्रशर में उपखनिज डाल रहे थे। उधर वन विभाग ने स्टोन क्रशर की जांच शुरू कर दी है।
तराई पूर्वी वन प्रभाग गौला रेंज के गश्ती दल ने रविवार को हल्दूचौड़ स्थित एक स्टोन क्रशर की जांच की। जांच के दौरान यहां पांच डंपर मिले। इनमें से एक डंपर काटे में खड़ा था और अन्य स्टोन क्रशर के अंदर खड़े थे। गश्ती दल ने जब इनसे उपखनिज के प्रपत्र मांगे तो पांच डंपरों की रायल्टी किच्छा की मिली, जबकि ये उपखनिज खाली करने दूसरे स्टोन क्रशर में खड़े थे।
वन विभाग के गश्ती दल ने पांचों वाहनों को सीज कर दिया। उपराजि अधिकारी प्रमोद बिष्ट ने बताया कि क्रशर की जांच शुरू कर दी है। यहां वन दरोगा भुवन तिवारी, भोपाल जीना, ललित मोहन जोशी, राम सिंह रावत, पान सिंह मेहता, नीरज रावत, राजेंद्र पालीवाल आदि थे।