ज्योलीकोट (नैनीताल)। रानीबाग में रविवार को वन क्षेत्राधिकारी मुकुल चंद्र शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक ट्रक से 240 कनस्तर अवैध लीसा बरामद किया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ट्रक से बरामद हुए लीसे की कीमत 12 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
वन क्षेत्र अधिकारी मुकुल शर्मा ने बताया कि रानीबाग में चेकिंग अभियान के दौरान एक ट्रक को रोकने पर उसकी चेकिंग की गई तो उसमें अवैध रूप से ले जाया जा रहा 240 कनस्तर लीसा बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि अवैध लीसा हल्द्वानी को ले जाया जा रहा था। शर्मा ने बताया कि चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने ट्रक और लीसे को अपने कब्जे में ले लिया है। वाहन में लीसे से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। लीसा कहां से लाया जा रहा था फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सवाल यह है कि अवैध लीसा रानीबाग तक कैसे पहुंच गया। मार्ग में पड़ने वाली पुलिस और वन विभाग की चौकियों में भी वाहन की चेकिंग नहीं की गई। इस दौरान उप वन क्षेत्राधिकारी चंद्र शेखर भट्ट, वन दरोगा सुरेश चंद्र जोशी आदि शामिल रहे।