हल्द्वानी। खाद्य आयुक्त के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई घी विक्रेताओं के वहां छापे मारे। इस दौरान विभिन्न ब्रांड के घी और दूध पाउडर के सैंपल लिए। इन सैंपलों को जांच के लिए केंद्रीय जांच लैब दिल्ली भेजा गया है।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उपायुक्त कुमाऊं अनोज कुमार थपलियाल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र में मिलावटी घी की पड़ताल को लेकर छापे मारे। अभियान के दौरान टीम ने मंगलपड़ाव, कालाढूंगी रोड और रामपुर रोड स्थित घी के थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने पारस, पहलवान, हेल्थ मेड देसी घी और मदर डेयरी ब्रांड घी के चार सैंपल लिए। उधर टीम ने नोवा ब्रांड स्किम्ड मिल्क पाउडर का नमूना भी लिया। इन नमूनों को जांच के लिए केंद्रीय जांच लैब दिल्ली भेजा गया है।