नैनीताल में बुधवार सुबह आसमान साफ था, लेकिन 10 बजे के बाद कोहरे का असर बढ़ गया है, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में मौसम में और बदलाव की संभावना जताई है। बागेश्वर में देर रात से हो रही हल्की बारिश के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं, रुद्रपुर का मौसम साफ बना हुआ है।
पिथौरागढ़ में 22 तो देवलथल में हुई सबसे अधिक 30 एएम बारिश
पिथौरागढ़ जिले में बारिश का सिलसिला जारी है। बीते मंगलवार रात जिले के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। जिला मुख्यालय में 22, बेड़ीनाग में 2.2, मुनस्यारी में 6.2, बंगापानी में 10, गणाई गंगोली में 7, देवलथल में 30, गंगोलीहाट में 12.5, डीडीहाट में 29, कनालीछीना में 29.2 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। धारचूला में सबसे कम 0.2 एमएम बारिश होने से काली नदी का जलस्तर भी कम हुआ है इससे किनारे बसी आबादी में राहत है। काली नदी का चेतावनी स्तर 889 मीटर है और यह 888.70 मीटर पर बह रही है।
अल्मोड़ा में बादलों का डेरा, रानीखेत में 50.2 मिमी बारिश दर्ज
अल्मोड़ा जिले में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में रानीखेत में सबसे अधिक 50.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अन्य क्षेत्रों में भैंसियाछाना में 49 मिमी, शीतलाखेत में 29 मिमी, द्वाराहाट में 23 मिमी, चौखुटिया में 22 मिमी, जागेश्वर में 19 मिमी, ताकुला में 18 मिमी, मासी में 10 मिमी, अल्मोड़ा में 7.5 मिमी, सोमेश्वर में 6 मिमी, जैंती में 1.5 मिमी और सल्ट में 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। भिकियासैंण का वर्षा आंकड़ा उपलब्ध नहीं हो सका। कोसी बैराज में कुल डिस्चार्ज 477.50 क्यूसेक दर्ज किया गया। बैराज के डाउनस्ट्रीम में नदी का जलस्तर 1126.81 मीटर रहा, जो चेतावनी स्तर 1130.75 मीटर और खतरे के स्तर 1131.70 मीटर से नीचे है। वहीं, रामगंगा नदी का जलस्तर 922.150 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो 923.250 मीटर के खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है। प्रशासन ने फिलहाल दोनों नदियों का जलस्तर सामान्य और स्थिर बताया है।
चंपावत नगर में सुबह से बादल छाए रहे, इससे हल्की ठंड का एहसास रहा। करीब 10:45 बजे से हल्की बारिश शुरू हुई। बिना किसी अलर्ट के बारिश होने से लोग परेशान हैं। रुक-रुक कर हो रही बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार टनकपुर में पिछले 24 घंटों में 19 मिमी, चंपावत में 5.50 मिमी, बनबसा में तीन मिमी बारिश हुई। बारिश के बाद शारदा नदी का जलस्तर 218.90 मीटर दर्ज किया गया।