एमबीपीजी कॉलेज में परीक्षा देने आया एक छात्र फ्लाइंग स्क्वॉयड के अध्यापक से भिड़ गया। छात्र ने प्राध्यापक पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई और हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। छात्र के लिखित माफी मांगने पर मामला निपटा।
शक्तिफार्म सितारगंज निवासी मुकेश कुमार घोष शुक्रवार को एमबीपीजी कॉलेज में समाजशास्त्र का पेपर देने आया था। पेपर सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक हुआ। पेपर के दौरान छात्रों की गेट पर ही चेकिंग हो रही थी। बताते है कि फ्लाइंग स्क्वॉयड के एक प्राध्यापक ने छात्र को परिचय पत्र आदि ले जाने से मना किया तो छात्र बिफर गया।
पेपर देने के बाद छात्र ने आकर हंगामा किया और प्राध्यापक से उलझने लगा। सहायक परीक्षा प्रभारी डॉ. एएस उनियाल ने बताया कि छात्र की चेकिंग की गई तो चेकिंग कराने से मना कर दिया। छात्र अपने को आरटीओ कार्यालय में तैनात होने का रौब गांठ रहा था।
परीक्षा समाप्त होने के बाद हंगामा करने लगा। मामला बिगड़ता देख कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर भोटियापड़ाव पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसआई संजय जोशी ने बताया कि छात्र ने गलती मानते हुए प्राध्यापक से अभद्रता के लिए माफी मांगी। लिखित माफी मांगने पर छात्र को जाने दिया गया।