नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव के बाद शहर से हटाए गए फ्लैक्सी बैनरों को तल्लीताल स्थित पुराने कूड़ा खड्ड के पास जंगल में फेंके जाने के मामले में आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार को वन विभाग और नगर पालिका की टीम ने वन क्षेत्र से फ्लैक्सी बैनरों को हटाने का काम शुरू किया। अभियान के दौरान अब तक एक ट्रक फ्लैक्सी बैनर जंगल से निकाले जा चुके हैं।
नगर पालिका की ओर से रक्षाबंधन व नंदा देवी महोत्सव के बाद हटाए गए फ्लैक्सी बैनरों को निर्धारित स्थान पर निस्तारित करने के बजाय जंगल में फेंक दिया गया था। वन क्षेत्र में जगह-जगह पड़े बैनरों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ ही विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे थे। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था जिसके बाद रविवार को दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंचीं और बैनर हटाने का काम शुरू कराया। अब सवाल यह है कि शहर से हटाए गए फ्लैक्सी बैनरों को जंगल में किसने फेंका और उनके उचित निस्तारण की जिम्मेदारी किसकी थी।
वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि जंगल में फेंके गए फ्लैक्सी बैनरों को हटाया जा रहा है। साथ ही इन्हें जंगल में फेंकने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।