अब्दुल मलिक, उसके बेटे को पनाह देने वालों पर होगी कार्रवाई
अब्दुल मलिक और उसके बेटे अब्दुल मोइद को पनाह देने वालों पर कार्रवाई तय है। पुलिस ने फरारी के दौरान कई लोगों की सूची तैयार की है। इनमें से कई लोग ऊंची पहुंच वाले हैं। बनभूलपुरा हिंसा के बाद अब्दुल मलिक दिल्ली, गुजरात, चंडीगढ़ और भोपाल तक छिपता रहा। पुलिस के मुताबिक जहां-जहां मलिक ठहरा, वहां उसकी आवभगत में कोई कमी नहीं रखी गई।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कुछ जगह भी चिह्नित की हैं जिन्होंने मलिक की मदद की लेकिन पुलिस को जानकारी नहीं दी। इनमें दिल्ली से भोपाल तक के कारोबारी, राजनीतिक संबंध रखने वाले और ऊंची पहुंच वाले लोग शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इन सभी की जानकारी जुटाने में लगी है। अब्दुल मलिक के आने जाने से लेकर उसके रहने और एक जगह से दूसरी जगह जाने में मदद करने समेत तमाम सवालों का जवाब खोजा जा रहा है। जब मलिक खुद फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था तो आखिर किस तरह से वह फरार होने के लिए लोगों से संपर्क कर रहा था, इसका लिंक भी ढूंढा जा रहा है।