रामनगर। बाघों का कुनबे बढ़ाने की कवायद के तहत कॉर्बेट टाईगर रिजर्व (सीटीआर) से पांच और बाघ राजाजी नेशनल पार्क में भेजे जाएंगे। सीटीआर अधिकारियों ने तीन बाघिन और दो बाघ भेजने के लिए एनटीसीए को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव मंजूर होते ही इन्हें राजाजी नेशनल पार्क भेजा जाएगा। राजाजी नेशनल पार्क में बाघों का कुनबे बढ़ने पर वनाधिकारियों ने वर्ष 2022 में सीटीआर से पांच बाघों को भेजने की योजना बनाई थी। इसमें तीन बाघिन व दो बाघ शामिल थे। बीते दिनों सीटीआर ने पांचवें बाघ को भी राजाजी भेज दिया है। बाघों को राजाजी भेजने के बाद वन विभाग लगातार इनकी निगरानी कर रहा था। भेजे गए बाघों को नए परिवेश में आसान शिकार व बड़ा इलाका बेहद पंसद आ रहा है। इसे देखते हुए सीटीआर ने प्रस्ताव तैयार कर एनटीसीए को भेज दिया है।