नगर पालिका की बोर्ड बैठक में वर्ष 2015-16 के लिए पांच करोड़ रुपये की आय-व्यय का बजट पारित किया गया। इसके अतिरिक्त नगर के विकास कार्यों के लिए भी कई फैसले लिए गए।
पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष नीमा बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में ईओ गणेश भट्ट ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए पांच करोड़ रुपये आय-व्यय का बजट पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में नगर पालिका के अंतर्गत फ्री-होल्ड होने वाली भूमि के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा बैठक में दर्जन भर से अधिक लोगों के भवन मानचित्र स्वीकृत किए गए। तय किया गया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए वार्ड स्तर पर संस्थाएं गठित की जाएंगी और इसके एवज में प्रत्येक भवन स्वामी से पचास रुपये प्रति माह शुल्क लिया जाएगा। पालिकाध्यक्ष नीमा बिष्ट ने भी विचार रखे। बैठक में सभासद प्रशांत जोशी, किशन अधिकारी, भागीरथी देवी, इदरीश खान, परवेज, मीना आजाद आदि मौजूद थे। संचालन ईओ गणेश भट्ट ने किया।