एमबीपीजी कालेज के छात्रसंघ के संभावित प्रत्याशियों ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ पहले कालेज परिसर में उसके बाद नैनीताल हाईवे पर जुलूस निकाल कर खूब हुड़दंग किया।
हाईवे पर जुलूस को रोकने को लेकर पुलिस और छात्रों के बीच नोक झोक भी हुई। कालेज प्रशासन ने कहा है कि जुलूस निकालने वाले संभावित प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
चार दिन की छुट्टी के उपरांत बुधवार को एमबी कालेज खुलने पर छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जहां तमाम छात्र-छात्राएं अपने अपने विषयों की क्लासों में व्यस्त थे वहीं छात्रसंघ चुनाव के संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार करने में जुट गए।
दोपहर को एक नहीं बल्कि कई प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकाल कर नारे लगाने शुरू कर दिए। करीब एक घंटे तक कालेज परिसर में जुलूस निकलते रहे, बाद में चीफ प्राक्टर डा. आरएस भाकुनी ने जुलूसों को कालेज से बाहर करने के प्रयास शुरू कर दिए।
कालेज के मध्य गेट पर तैनात पुलिस फोर्स ने भी छात्रों के जुलूस को रोकने की कोशिश की तो छात्र उनसे भी उलझ गए। बाद में किसी तरह समझा बुझाकर चीफ प्राक्टर ने छात्रों के सभी जुलूसों को कालेज से बाहर कर दिया।
उन्होंने बताया कि एबीवीपी के अध्यक्ष पद के दावेदार विजय जोशी, उपाध्यक्ष दावेदार नवीन गोस्वामी, उपसचिव मनीष गौनी, अंकित तौलिया, उपाध्यक्ष वतन शुक्ला को प्रतिबंध के बावजूद जुलूस निकालने पर नोटिस जारी किया जाएगा।
इधर, छात्रों का जुलूस हाईवे पर पहुंचा तो हाईवे पर हुड़दंग शुरू हो गया। भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज ने फोर्स के साथ जुलूस रोकने की कोशिश की तो छात्रों से नोक झोक हो गई। पुलिस के रोकने पर जुलूस जगदंबा नगर की ओर चले गए।
पुलिस ने छात्रों को बांटे पर्चे
एमबी कालेज परिसर में पुलिस ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर आपस में मनमुटाव न करने के संबंध में अपील जारी की है। अपील के पर्चे पुलिस कर्मी बुधवार को कालेज गेट पर बांट रहे थे।
कालेज परिसर में अराजकता का माहौल उत्पन्न करने तथा नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
बीए द्वितीय वर्ष में एडमिशन को भीड़
एमबीपीजी कालेज में बीए द्वितीय वर्ष में एडमिशन लेने के लिए काफी भीड़ रही। मुख्य कार्यालय में छात्र-छात्राएं अपना आवेदन फार्म जमा कर फीस रसीद कटवाने के लिए दोपहर बाद तक लाइन में लगी रहीं। बाद में छात्र-छात्राओं ने बैंक काउंटर पर फीस जमा की।