हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित वेयरहाउस में हुए अग्निकांड के बाद अग्निसुरक्षा समेत अन्य मानकों की जांच के लिए विभागों की नींद टूटी है। इसी क्रम में सोमवार को शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। एसडीएम मोनिका व सीओ सिटी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम एनएच मार्ट (गौलापार), रुकैया ट्रेडिंग कंपनी (गौलापार), मेडी सेंटर हॉस्पिटल (शनि बाज़ार) और रुद्रा ट्रेडर्स रामपुर रोड पहुंची। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म प्रणाली, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान एनएच मार्ट, रुकैया ट्रेडिंग कंपनी और रुद्रा ट्रेडर्स संचालक अग्निशमन मानकों से संबंधित एनओसी नहीं दिखा पाए। एसडीएम ने बताया कि इन प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। जनसुरक्षा से संबंधित मानकों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण दल में प्रशासन, अग्निशमन विभाग, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे।