नैनीताल के पुलिस लाइन में गौशाला में लगी आग का दृश्य।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। पुलिस लाइन स्थित गोशाला में शुक्रवार दोपहर आग लगने से पुलिस लाइन और आसपास के क्षेत्रों में अफरातफरी मच गई। पुलिस कर्मियों, स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो गया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान गोशाला में कोई जानवर नहीं था।
पुलिस लाइन में कार्यरत किशन चंद्र शर्मा ने अपने सरकारी आवास के पास गोशाला बनाई थी। इसमें उन्होंने एक गाय पाली है। शुक्रवार दोपहर बाद गोशाला के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। बताया जाता है कि बच्चों ने गोशाला के पास स्थित घास में आग लगा दी। अचानक तेज हवा चलने के कारण चिंगारी गोशाला तक पहुंच गई और देखते ही देखते गोशाला जलने लगी। अग्निकांड के समय किशन चंद्र शर्मा ने गाय को गोशाला से बाहर बांधा था। गोशाला से धुआं उठते देख पुलिस लाइन में कार्यरत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दमकल की छोटी गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए पानी कम पड़ा तो दमकल कर्मी बड़ी गाड़ी लेकर आए। घंटे भर की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया। गोशाला स्वामी शर्मा ने बताया कि दो दिन पहले भी बच्चों ने गोशाला के पास आग जलाई थी। गाय के बाहर बंधने के कारण वह बच गई। आग बुझाने में सर्विलांस प्रभारी गिरजाशंकर पांडे, दमकल टीम प्रभारी प्रकाश मेर, प्रदीप कुमार, उमेश, मौसिन, विक्रांत, गौरव, वरुण त्यागी, भूपाल मेहता, जगत सिंह आदि रहे।