लालकुआं में अग्निपीड़ितों से मिलते अधिकारी।
- फोटो : AMAR UJALA
लालकुआं (नैनीताल)। वीआईपी गेट स्थित दो झोपड़ियों में अचानक आग लग जाने से मजदूरों का सामान जलकर राख हो गया। उप जिलाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को राशन मुहैया कराते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।झोपड़पट्टी में रविवार रात अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया सड़क किनारे खड़े लोगों ने बमुश्किल झोपड़ियों के अंदर सो रहे लोगों को जगा कर बाहर निकाला। जब तक सेंचुरी मिल से पहुंची दमकल वाहन आग बुझाती तब तक दोनों झोपड़ियां जलकर राख हो गयी थी। अग्निकांड में जिन तीन मजदूरों का सामान जलकर राख हुआ उनमें 62 वर्षीय जयपाल , 60 वर्षीय महिला प्रेमवती व 40 वर्षीय मनोज कुमार शामिल हैं। सोमवार को एसडीएम विवेक राय समेत बिंदुखत्ता भाजपा के मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी और सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती ने घटनास्थल का मुआयना किया। कहा कि फिलहाल प्रभावित लोगों के रहने तथा भोजन की व्यवस्था की जाएगी। राजस्व विभाग द्वारा पीड़ित परिवारों को राशन मुहैया कराया गया। उप जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर हल्का पटवारी मोहित बोरा सहित तमाम कर्मचारी मौजूद थे।